Wednesday, 7 January 2015

अरेंज्ड कम लव मैरेज.

 
बात 20 अक्तूबर 2012 की है। मुझे लड़के वाले देखने आए थे। वे लोग चाँदनी चौक के हैं। मीटिंग एक बैंक्वेट हॉल में फिक्स की गई थी। हम दोनों परिवार एक दूसरे के लिए अंजान थे। यह रिश्ता हमारे किसी जानकर ने बताया था। उस दिन मैं काफी घबराती हुई उन लोगों के सामने गई। डर लग रहा था। हाथ-पैर कांप रहे थे। उनकी तरफ से लड़का, उसकी ममी, पापा, भाई, भाभी सभी आए हुए थे।

उनकी मां ने पहला सवाल पूछा कि क्या आप जॉइन्ट फैमिली में रह लोगी? मैंने हां में सिर हिला दिया। मेरी नज़रें बार-बार उस लड़के को देखने के लिए उठ रही थीं कि वह कैसा है कैसा नहीं। पर नज़रें नहीं मिल पा रही थीं। थोड़ी-बहुत बातें होने के बाद उनकी मां ने मुझे मीठा खाने को दिया जिसे मेरे कांपते हुए हाथ संभाल नहीं पाए और मैंने उसे वापस रख दिया।

उस दिन वे लोग मुझे देख कर चले गए पर मैं उस रात सो नहीं पाई कि वह लड़का कैसा होगा। डर लग रहा था। उसे जानने की कोशिश करना चाहती थी। मैंने बहुत सोचने के बाद उन्हें एक ब्लैंक मेसेज किया। उनका नम्बर मुझे उनके CV से मिल गया था।

उनका रिप्लाई आया पर मैंने दोबारा मेसेज नहीं किया। 2 दिन तक मैं परेशान रहकर उनसे अंजान बनकर चैटिंग करती रही। उनसे चैटिंग करके मुझे अच्छा लगा कि वे मुझे ही पसंद करते हैं और उनकी जिंदगी कोई और लड़की नहीं है। 22 अक्तूबर को इत्तफाक से हम दोनों मेट्रो में मिले पर वे मुझे देखकर छिप गए मुझे अगले स्टेशन पर ही उतरना था। उन्होंने मुझे और मैंने उन्हें देखा।

कुछ टाइम बाद मैंने उन्हें बता दिया कि मैं ही आपकी भावी जीवनसाथी प्रीति रवि पराशर हूं। इसके बाद हमारा मिलना-जुलना शुरू हो गया। हम दोनों एक-दूसरे को समझने के लिए फोन पर रेग्युलर बात करते थे और कभी-कभी मिल भी लिया करते थे। हमारी यह मुलाकातें कब प्यार मे बदल गईं, पता ही नहीं चला।

इस दरम्यां हमारे रिश्ते को पुख्ता होने में थोड़ी देर होने लगी। हम दोनों ने अपने परिवार को कन्विंस किया और काफी मशक्कत के बाद आज फाइनली हमारी शादी की डेट निकल आई है। 3 मई को हम दोनों एक हो जाएंगे। किसी ने सच कहा है कि अगर किसी चीज़ को सच्चे दिल से चाहो तो पूरी कायनात हमें उससे मिलाने की कोशिश में लग जाती है।

हम दोनों आज एक दूसरे के बिना जीने की कल्पना भी नहीं कर सकते। हमने अपनी शादी कोको अरेंज्ड कम लव मैरेज का नाम दे दिया है। वो बहुत ही शर्मीले स्वभाव के हैं और मुझसे बहुत प्यार करते हैं। पर आज हम दोनों एक-दूसरे से मिल नहीं सकते इसलिए मैं चाहती हूं कि वैलंटाइन्स डे पर उनके लिए कुछ खास करूं। आई लव यू सो मच रवि पराशर।

No comments:

Post a Comment